छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में पुलिस ने 7 माह से फरार चल रहे एक हिंसक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रंगचंद उर्फ राजा साहू (29) पुराना कॉलेज रोड चांपा का रहने वाला है। 16 जनवरी 2025 को हनुमान धारा में एक पिकनिक स्पॉट पर आरोपी ने दिनेश केवट पर चाकू से हमला किया था। घटना शाम 4 बजे की है। आरोपी ने पानी लाने को कहा था। दिनेश के मना करने पर उसने गाली-गलौज की। इसके बाद हाथापाई की और चाकू से हमला कर दिया। दिनेश की दाढ़ी के नीचे गंभीर चोट आई थी। उसके दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। हमले के बाद से फरार था आरोपी हमले के बाद से आरोपी फरार था। वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। 6 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चाकू लेकर मोहल्ले में घूम रहा है। स्थानीय लोग डरे हुए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


