सिटी रिपोर्टर | बोकारो मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिला कंपोजिट कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थलों की निगरानी की गई। रविवार को उपायुक्त अजय नाथ झा व पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों से विधि-व्यवस्था की जानकारी ली। इस अवसर पर डीसी-एसपी ने क्रमवार चास अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस क्रम में पदाधिकारियों की टीम ने पुपुनकी, भर्रा, सिवनडीह एवं रितुडीह समेत कई अन्य इलाकों का भ्रमण किया। टीम ने अखाड़ा जुलूस स्थलों पर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया तथा वहां तैनात प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। समाज के लोगों से संवाद के दौरान डीसी ने कहा कि मुहर्रम हमें बलिदान, सब्र और इंसाफ की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। सभी लोग इस पर्व को शांति, सौहार्द और एकता के साथ मनाएं। वहीं, एसपी ने मेडिकल टीम एवं स्वयंसेवकों को पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया था ताकि जुलूस,आखाड़ा खेल के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से प्रभावी ढ़ंग से निपटा जा सके। मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका आदि थे।


