डीसी साक्षी साहनी ने अवकाश के दिन रविवार को टाउन हॉल से श्री दरबार साहिब तक 10 किमी एरिया को गोद लेने के 24 घंटे बाद सड़कों पर सफाई प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए गोल्फ कार्ट चलवाई जाएगी। 41 सड़कों का कायाकल्प कराने के लिए सरकारी विभागों के अफसरों ने गोद लिया है। वैसे तो टाउन हॉल से श्री दरबार साहिब मार्ग बहुत अच्छा है, लेकिन इसे और भी सुंदर बनाएंगे। प्रशासन की तरफ से कूड़ेदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और दुकानदारों को दुकानों के बाहर कूड़ेदान रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री दरबार साहिब तक जाने वाला सबसे पवित्र मार्ग है। भगवान ने मुझे इस स्थान की सेवा सौंपी है। मैं अपनी टीम के साथ मिलकर इस मार्ग को और बेहतर बनाने का काम करूंगी। ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अच्छा अनुभव मिले। इस मौके पर एसपी अमनदीप कौर, एसई निगम संदीप सिंह व अन्य मौजूद रहे।


