विदिशा के माधवगंज चौराहे के पास बुधवार की रात एक दुकान में चोरी हो गई। चोर दुकान में रखा सामान और नगद रुपए चुरा कर ले गए। दुकान के शटर को सब्बल की मदद से टेढ़ा करके वारदात को अंजाम दिया गया। चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक महिला दुकान में चोरी करती हुई दिख रही है। पुलिस मामला दर्ज करके चोरों की तलाश में जुट गई है। दुकानदार रुपेश कुमार ने बताया कि जब गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर पहले ही खुला हुआ था। उन्होंने आसपास के दुकानदारों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा की जांच की तो पता चला कि चोरी करने वाली एक महिला थी, जो दुकान के अंदर रखा सामान शटर के नीचे से बाहर कर रही थी। 6 तेल की कैन और किराने का सामान चोरी हुआ है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस आसपार के दुकानदारों का कहना है कि उन्हें आसपास में पन्नी बिनने वाली महिलाओं पर शक है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले गुरुद्वारे के पास भी एक किराने की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। वहां से भी तेल के कैन चोरी हुए थे। दुकान के पास में ही एक बोरी में तेल की कैन मिल गई थी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ।


