पंजाब में सवारियों से भरी बस पलटी, 7 की मौत:17 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल; कार की टक्कर से बेकाबू हुई

पंजाब के होशियारपुर जिले में सोमवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस सामने से आ रही कार से टकरा गई। इसके बाद बस बेकाबू होकर बीच सड़क पर ही पलट गई, जिससे 7 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि, 17 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दसूहा-हाजीपुर रोड पर अड्डा सगरां के पास हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए जुट गए। घायलों में से 15 से ज्यादा लोगों को गंभीर हालत में अमृतसर रेफर किया गया है। फिलहाल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। JCB से बस के अंदर फंसे लोगों को निकाला
हादसे के बाद इलाके के लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। बस के अंदर से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। बस के मलबे में कई लोग फंसे हुए थे। हादसे में मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है। वहीं, कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बस में सवार 15 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में बस की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल मामले में पुलिस अधिकारी जांच कर रही है। घटना में बस का ड्राइवर भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। वहीं, मृतकों की पहचान के लिए फिलहाल पुलिस कोशिश कर रही है। वहीं, घायलों के परिवार वालों को भी घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करने जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी बोले- सवारियों की हालत काफी खराब थी
बस के अंदर से सवारियों को निकालने वाले प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- मैं घर से बाहर निकालकर फोन पर बात कर रहा था। इस दौरान ये हादसा हो गया। एक दम से आवाज आई, तो सवारियों को बचाने के लिए हम आगे बढ़े। बस के अंदर से महिलाओं और बच्चों की चीखें सुनाई दे रही थीं। किसी तरह रोड पर पलटी हुई बस के अंदर घुसा गया और सवारियों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। सवारियों की काफी बुरी हालत थी। कई लोगों की तो मौके पर मौत हो चुकी थी। डॉक्टर बोले- मरने वालों में एक बच्चा भी
दसूहा सिविल अस्पताल के मौजूदा SMO डॉक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि हमारे पास कई मरीज जख्मी हालत में पहुंचे हैं। हमारी टीमें सभी का इलाज कर रही हैं। प्राथमिक तौर पर जब मरीजों को लाया गया, तब 3 लोग मृत पाए गए थे। उसमें एक छोटा बच्चा भी था। साथ ही कुछ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। DSP ने कहा- फैक्ट के आधार पर जांच करेंगे
क्राइम सीन पर पहुंचे दसूहा के डीएसपी कुलविंदर सिंह ने कहा- क्राइम सीन की अभी तक की जांच में पता चला है कि कार और बस का एक्सीडेंट हुआ है। प्राथमिक तौर पर जख्मी हुए लोगों को जेसीबी और लोगों की मदद से बाहर निकाला गया है। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। जांच में जो भी नए फैक्ट सामने आएंगे, उनके आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *