देवघर के सर्किट हाउस में श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी और सिविल सर्जन समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस वर्ष श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा। कांवरियों को विशेष मोबाइल ऐप के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी मिलेगी। इसमें नजदीकी मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस की लोकेशन और डॉक्टर की उपलब्धता की रियल-टाइम जानकारी शामिल है। बाइक एम्बुलेंस या डॉक्टर की टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी AI सिस्टम लाइव डेटा का विश्लेषण कर स्वास्थ्य आपातकाल की पूर्व चेतावनी देगा। इससे प्रशासन तुरंत मेडिकल सहायता भेज सकेगा। जरूरत पड़ने पर बाइक एम्बुलेंस या डॉक्टर की टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी। देवघर सदर अस्पताल और एम्स में विशेष बेड की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में कई हेल्थ कैंप लगेंगे। हर कैंप में डॉक्टर, दवाइयां, ऑक्सीजन और आपातकालीन उपकरण उपलब्ध रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार का श्रावणी मेला टेक्नोलॉजी और सेवा का बेहतर उदाहरण बनेगा।


