भास्कर न्यूज| चाईबासा झारखण्ड शिक्षा परियोजना (समग्र शिक्षा) पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वाधान में 64वीं जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन प्रारंभ हुआ। जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 8 एवं 9 जुलाई तक होगी। मंगलवार को संत जेवियर्स बालक मध्य विद्यालय, चाईबासा के मैदान पर अंडर – 15 बालक वर्ग के मैच खेले गए। जबकि सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड, चाईबासा में अंडर – 17 बालिका वर्ग के मैच आयोजित की गई। वहीं दूसरी ओर जिला स्कूल, चाईबासा स्थित मैदान पर अंडर-17 बालक वर्ग के मैच आयोजित किए गए। तीनों ही वर्गों के फाइनल मुकाबले बुधवार 9 जुलाई को सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड, चाईबासा के मैदान पर खेले जाएंगे। जिसमें अंडर – 15 बालक वर्ग, अंडर – 17 बालिका वर्ग एवं बालक वर्ग के मुकाबले निर्धारित है। मंगलवार को निर्धारित मैच स्थलों पर सभी वर्गों का पंजीयन प्रातः 8 बजे से एवं मैच 9 बजे से प्रारंभ हुई। तीनों ही मैदाने पर खेल देर शाम तक चला।


