भाजपा संगठन में होगा बड़ा बदलाव:पहली बार संगठन में 30 फीसदी महिलाओं को जिम्मेदारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ में भी बराबर हिस्सा

भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को चुने जाने के बाद अब नई कार्यकारिणी घोषित करने की तैयारी चल रही है। इसमें करीब पहले 50 पदाधिकारियों की घोषणा एक महीने के अंदर हो सकती है। भाजपा 2028 चुनाव को देखते हुए महिलाओं का प्रतिनिधित्व भी संगठन में बढ़ाने जा रही है। पहली बार 30 प्रतिशत महिलाओं को संगठन में मौका दिया जाएगा। महिला मोर्चा के अलावा सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ के साथ महामंत्री और उपाध्यक्ष जैसे पदों पर भी महिलाओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए बूथ स्तर तक पर महिला नेत्रियों को पिछले छह महीने से खोजा जा रहा था। जिन महिलाओं में नेतृत्व की क्षमता है, अब पार्टी उन्हें आगे लाना चाहती है। क्योंकि आगामी चुनाव में 30 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देना है। साथ ही जाति और क्षेत्र के समीकरण को भी ध्यान में रखा जा रहा है। 2028 के चुनाव को देखकर संगठन में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की तैयारी महामंत्री में रजनीश, नवीन का नाम
चारों महामंत्री में भरत वर्मा को छोड़कर बाकी तीन बदलना तय बताया जा रहा है। क्योंकि संजय श्रीवास्तव नान अध्यक्ष और रामू रोहरा महापौर बन चुके हैं। बाकी रामजी भारती को भी हटाकर नवीन मार्कंडेय को लाने की तैयारी है। इसके अलावा रजनीश सिंह को भी महामंत्री बनाने की चर्चा है। हालांकि उनके खिलाफ कई शिकायतें संगठन में पहले से हो चुकी हैं। अगर उन्हें मौका नहीं मिलता है तो अभिषेक सिंह या श्रीचंद सुंदरानी को भी महामंत्री बनाया जा सकता है। तीसरे चेहरे के तौर पर किसी महिला की तलाश चल रही है। उपाध्यक्ष और मंत्री भी बदले जाएंगे
भाजपा संगठन में अभी 6 उपाध्यक्ष और 6 मंत्री हैं। उपाध्यक्ष में शिवरतन शर्मा को छोड़कर बाकी सभी के बदले जाने की बात सामने आ रही है। उपाध्यक्ष के तौर पर उन्हें मौका दिया जाएगा, जिन्हें टिकट और निगम-मंडल नहीं मिल पाया है। इसमें नारायण चंदेल, वेदराम मनहरे, लाभचंद बाफना, सुरेंद्र पाटनी के नाम आगे हैं। वहीं मंत्री के तौर पर युवाओं को आगे लाने की चर्चा है। किशोर महानंद को हटाकर बाकी के बदले जाने की संभावना है। इसके अलावा सभी संभागों को नए प्रभारी भी मिलेंगे।
मोर्चा की नई टीम के बाद कार्यसमिति की होगी घोषणा
भाजपा संगठन के सात मोर्चा और 17 प्रकोष्ठ की भी नई कार्यकारिणी तैयार होगी। भाजपा अब नई पीढ़ी को आगे लाने की तैयारी में है। इस वजह से इसमें युवाओं और महिलाओं का संतुलन बनाया जाएगा। मोर्चा में ऐसे लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी जिन्हें आगामी विधानसभा में टिकट भी दिया जा सके। संगठन महामंत्री पवन साय सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ के नाम फाइनल कर चुके हैं। सांसद-विधायक प्र​शिक्षण के बाद इनकी सूची जारी हो सकती है। कोषाध्यक्ष बने रहेंगे, कार्यालय प्रभारी बदलेंगे, कई नए प्रवक्ता बनेंगे
कोषाध्यक्ष नंदन जैन ही रहेंगे। कार्यालय प्रभारी नरेश गुप्ता की जगह छगन मूंदड़ा या निरंजन सिन्हा को मौका दिया जा सकता है। सह प्रभारी रजनीश शुक्ला को भी बदलने की बात कही जा रही है। नरेश और रजनीश को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अलाव मीडिया विभाग में भी प्रवक्ता के तौर पर नए नाम सामने आएंगे। मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी को सिंधी काउंसिल का अध्यक्ष बनाया गया तो उनकी जगह पर अनुराग अग्रवाल, राजीव चक्रवती, उमेश घोरमोड़े या सुनील चौधरी को जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं प्रदेश प्रवक्ताओं में अमित साहू को छोड़कर बाकी को बदला जा सकता है। ऐसी नेत्रियों की खोज जिनका क्षेत्र में हो प्रभाव
संगठन पिछले छह महीने से बूथ से लेकर प्रदेश तक में एक्टिव महिला नेत्रियों की सूची तैयार कर रही है। इसमें ऐसी महिलाओं को खोजा जा रहा है जो भाजपा से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा वे स्वयं नेता हो, पति पर आश्रित न हो। वे अपने दम पर राजनीति कर रही हों। यही नहीं दूसरी पार्टी की भी जिले में दमदार नेत्री है तो उसकी सूची भी तैयार की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *