पंडरी स्थित खालसा स्कूल से रिलायंस पेट्रोल पंप तक बनने वाले ओवरब्रिज की ड्राइंग डिजाइन में बदलाव किया गया है। पीडब्ल्यूडी एक्सप्रेस-वे और मोवा ओवरब्रिज के ऊपर से डबल डेकर ओवरब्रिज बनाएगा। इसकी लंबाई करीब 4 किमी होगी। इसमें एक भी बाय-पास नहीं रहेगा। यानी लोधी बाई चौक, मोवा और दलदल सिवनी जाने वालों को पुराने ओवरब्रिज से जाना होगा, जबकि सड्डू, विधानसभा और बिलासपुर जाने वाले ओवरब्रिज पर चढ़ेंगे। पंडरी में जाम की समस्या को देखते हुए रायपुर कलेक्टर ने हालही में मौके का निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द शुरू करने का निर्देश दिया है। ओवरब्रिज बनने से इस इलाके के 50 हजार से ज्यादा आबादी के 10 मिनट से अधिक का समय बचेगा। रायपुर शहर की ओर आने वाले लोग दलदल सिवनी ओवरब्रिज चौक और पंडरी कपड़ा मार्केट में जाम में फंसते हैं। इसकी ऊंचाई एक्सप्रेस-वे और ओवरब्रिज से 15 मीटर ऊपर होगी। चौड़ाई 35 मीटर होगी। दो साल में तीन बार बदली डिजाइन खालसा स्कूल-पंडरी ओवरब्रिज का डिजाइन अब तक दो बार बदला जा चुका है। पहले इसे एलआईसी कार्यालय से अवंति बाई चौक तक बनाने का प्लान था। इस पर 135 करोड़ खर्च करने की योजना बनाई गई थी। एलआईसी कार्यालय से ओवरब्रिज बनने से बाजार में कारोबार प्रभावित हो रहा था। इस वजह से रसूखदारों ने ओवरब्रिज का विरोध किया। बाद में इसे खालसा स्कूल से लोधीपारा चौक के बीच बनाने का प्लान किया गया। उसके बाद इसे मोवा ओवरब्रिज के बगल से खालसा स्कूल से सीधे पंडरी थाने के आगे तक बनाने की योजना बनाई। अब इसे खालसा स्कूल से रिलायंस पेट्रोलपंप तक ओवरब्रिज के ऊपर से ले जाया जाएगा। इन इलाकों के लोगों को मिलेगी जाम से राहत
ओवरब्रिज बनने से शंकर नगर, मोवा, सड्डू, कचना, गायत्रीनगर, शक्तिनगर, कालीनगर, राजातालाब, अमनगर, दुबे कालोनी, पंकज नगर, वीआईपी कालोनी, स्वर्णभूमि जैसी दो दर्जन बड़ी कालोनियों और छोटी-बड़ी करीब दो दर्जन बस्तियों में रह रहे लोगों को राहत मिलेगी। 46 हजार से ज्यादा गुजरते हैं वाहन
ट्रैफिक पुलिस के सर्वे के अनुसार मोवा से खालसा स्कूल के बीच सुबह 6 से रात 12 बजे के बीच 46 हजार से ज्यादा वाहन रोज गुजरते हैं। इनमें 18 हजार से ज्यादा चार चक्के वाले वाहन और बाइक हैं। ट्रैफिक डीएसपी सतीश सिंह ठाकुर ने बताया वाहनों की संख्या के हिसाब ओवरब्रिज बनाया जा रहा है।


