छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के तिल्दा गांव में एक परिवार के 9 सदस्य जंगली मशरूम खाने से बीमार हो गए। परिवार का एक सदस्य महानदी के तट से जंगली मशरूम लेकर आया था। सुबह इन मशरूमों को पकाकर पूरे परिवार ने खाया। खाने के कुछ समय बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। परिवार के सभी सदस्यों को तुरंत कसडोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। एक सदस्य की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सभी की हालत में सुधार कसडोल के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि अजगल्ले के अनुसार सभी मरीजों में विषाक्तता के लक्षण हैं। अभी सभी का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। मरीज परमानंद ने बताया कि उनका बेटा नदी किनारे से मशरूम लेकर आया था। मरीज दसरीत बाई ने कहा कि वह मशरूम खाने के बाद खेत गई थीं, जहां उनकी तबीयत बिगड़ी। इसके बाद पूरे परिवार को अस्पताल लाया गया।


