छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में डॉक्टर दंपती हत्याकांड का खुलासा करने के बाद पुलिस गिरफ्तार आरोपी को बुधवार दोपहर 2 बजे के आसपास क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए रामनगर इलाके में घटनास्थल ले गई। कवर्धा पुलिस ने 8 साल बाद डबल मर्डर केस में आरोपी ड्राइवर पकड़ा है। बतादें कि सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके रहने वाले डॉक्टर दंपती की 2017 में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस डबल मर्डर केस का खुलासा करते हुए बताया कि पहले डॉक्टर ने अपनी पत्नी को मार डाला, जिसे डॉक्टर के ड्राइवर ने देख लिया। मर्डर के वक्त ड्राइवर डर गया। उसे लगा कहीं डॉक्टर उसे भी न मार डाले। फिर ड्राइवर ने घबराकर डॉक्टर की हत्या कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक मरने वालों का नाम डॉक्टर गणेश सूर्यवंशी (54) अपनी पत्नी डॉ. उषा (52) है। वहीं डॉक्टर की हत्या करने वाले ड्राइवर का नाम सत्यप्रकाश साहू (35) है। 8 साल पहले घटी घटना का दोबारा सीन बनाया गया बुधवार दोपहर करीब 2 बजे, पुलिस ने आरोपी को लेकर रामनगर में घटनास्थल पर पहुंचकर फिर पूरे इलाके को सिक्योर करते हुए हत्याकांड का सीन रीक्रिएशन किया। आरोपी को उसी रास्ते से घर के अंदर ले जाया गया, जिससे वह 8 साल पहले दाखिल हुआ था। हत्या के हर पल, हर कदम को उसी क्रम में दोहराया गया। इस दौरान उसने बताया कि कैसे वह घर में घुसा, डॉक्टर दंपती के बीच क्या विवाद हुआ, कैसे डॉक्टर ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर आरोपी ने डॉक्टर को मार डाला। सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस हर अहम बिंदु पर आरोपी से सवाल पूछ रही थी- “यहां क्या किया?”, “कहां मारा?”, “कब भागा?”आरोपी बिना झिझक हर सवाल का जवाब दे रहा था, मानो वर्षों से वह अपने मन का बोझ हल्का करना चाहता हो। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत इस प्रक्रिया में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौजूद रही। एफएसएल अधिकारियों ने पुराने फोटोग्राफ्स, खून के निशान, संघर्ष के संकेत, और भागने के रूट के आधार पर सबूत जुटाए। पूरी सीन रीक्रिएशन की वीडियोग्राफी भी की गई, ताकि कोर्ट में इसे ठोस सबूत के रूप में पेश किया जा सके। बयान और घटनास्थल में मेल, नए खुलासे भी पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के बयान और घटनास्थल के हालातों में काफी मेल पाया गया है। साथ ही कुछ नई बातें भी सामने आई हैं, जो पहले की जांच में सामने नहीं आए थे। अब पुलिस इस हत्याकांड को लेकर कोर्ट में मजबूत सबूतों के साथ चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।


