ट्रेड यूनियनों द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में बुधवार को झामुमो सड़क पर उतरा। झामुमो रांची जिला समिति ने बंद को सफल बनाने के लिए जुलूस निकाला और विरोध-प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में सीपीआई, भाकपा माले, राजद एवं इंडिया गठबंधन के घटक दलों के साथ श्रमिक संगठनों ने रांची के फिरायालाल स्थित अल्बर्ट एक्का चौक के पास जमा होकर विरोध-प्रदर्शन किया। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह से श्रमिक विरोधी और किसान विरोधी है। किसानों के संबंध में जो तीन काले कानून लाए गए, उसके खिलाफ लगभग 7 महीने के आंदोलन के दौरान सात सौ से ज्यादा किसान शहीद हुए। मजदूरों के जो यूनियन हैं, उसपर बैन लगाया जा रहा है। मजदूरों के कानून को निजी सेक्टर के लिए बनाया जा रहा है, पब्लिक सेक्टर का लगातार निजीकरण किया जा रहा है, इसके खिलाफ जो जनाक्रोश है, वो आज आपको दिख रहा है। चारों तरफ पूरे भारत में हड़ताल है और इस हड़ताल में झारखंड मुक्ति मोर्चा यह तय करेगा कि झारखंड में जो भी मजदूर विरोधी काले कानून केंद्र सरकार के द्वारा ले जाएंगे, उसके खिलाफ रहेंगे। जो हमारा श्रमिक कानून है, उसे लागू करेंगे। कार्यक्रम में अश्विनी शर्मा एवं कुदूस अंसारी, कलाम आजाद, आदिल इमाम, अफरोज अंसारी, जीत गुप्ता, फरीद खान, शबाबुल रहमान, सज्जाद अंसारी, अंशु लकड़ा, अंकिता वर्मा, सीमा लकड़ा सहित कई शामिल हुए।


