पूर्व सरपंच हत्याकांड : मुख्य आरोपी फरार मगर पत्नी काबू

भास्कर न्यूज | अमृतसर राजासांसी पुलिस ने पूर्व अकाली सरपंच पलविंदर सिंह की हत्या के आरोप में महिला आरोपी को काबू किया है, जबकि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है। सोमवार देर रात अजनाला रोड पर स्थित शिवा एन्क्लेव में पलविंदर सिंह की पड़ोसी शुभम सहजपाल ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। राजासांसी पुलिस ने मृतक के बेटे सिमरपाल सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। सिमरपाल का कहना है कि आरोपी ने करीब एक माह पहले कार लगाने के लेकर पिता पलविंदर सिंह के साथ झगड़ा किया था। गाड़ी के शीशे तोड़ने के साथ जान से मारने की धमकियां दी थी। इसकी शिकायत पुलिस को भी की गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन सोमवार रात आरोपी ने बिना वजह झगड़ा किया और पिता की हत्या करके फरार हो गया। सिमरपाल ने बताया कि सोमवार रात उनके घर की बिजली बंद थी। उन्होंने मैकेनिक को बुलाया और बिजली ठीक करवाने लगे। उन्होंने अपनी कोठी के अंदर ही सीढ़ी लगाई थी। इस दौरान आरोपी आया और उसने अपने घर के अंदर से ही सीढ़ी नीचे गिरा दी। जब पूछा तो कोई बात नहीं की और पिस्टल निकालकर पिता को गोलियां मार दीं। पिता को घायल अवस्था में आईवीवाई अस्पताल लेकर गए, मगर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, थाना राजासांसी के एसआई बघेल सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी किरनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शुभम सहजपाल अभी फरार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *