शराब पीकर स्कूल पहुंचा हेडमास्टर, VIDEO:कहा- 1 पाव महुआ शराब पिया; क्लास रूम में बैठा था स्वीपर, बच्चे खुद पढ़ रहे थे

बलरामपुर के दूरस्थ क्षेत्र बंदरचुआं का हेडमास्टर शराब पीकर स्कूल पहुंचा। 3 जुलाई को जब कुछ युवक बंदरचुआं के स्कूल पहुंचे तो हेडमास्टर की कुर्सी पर स्कूल का स्वीपर सोता रहा था और हेडमास्टर पंचू राम शराब के नशे में थे, बच्चे खुद से पढ़ाई कर रहे थे। इसका वीडियो भी सामने आया है। हेडमास्टर ने खुद स्वीकार किया कि उसने एक पाव महुआ शराब पी ली थी। कुसमी बीईओ ने बताया कि हेडमास्टर आदतन शराबी है। स्कूल के हेडमास्टर के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए पत्र डीईओ बलरामपुर को भेजा गया है। यह स्कूल एकल शिक्षकीय है। महुआ दारू पीकर आया था शराबी शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हेडमास्टर से पूछा गया कि उसने कौन सी शराब पी है तो उसने बताया- एमडी। अर्थात महुआ दारू। हालांकि बच्चों ने शिक्षक के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की। एकल शिक्षकीय है स्कूल, संविदा शिक्षक को भी हटाया बंदरचुआं स्कूल में पहली से पांचवीं तक 17 बच्चे पढ़ते हैं। यहां एकमात्र शिक्षक पंचू राम की पदस्थापना है जो हेडमास्टर हैं। युक्तियुक्तकरण में कम दर्ज संख्या होने के कारण अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना नहीं की गई। बीते साल संविदा शिक्षक के रूप में राजेश राम की नियुक्ति की गई थी, जिसे कम दर्ज संख्या का हवाला देकर हटा दिया गया है। बंदरचुआं का इलाका बलरामपुर जिले का सबसे दूरस्थ क्षेत्र है। पहले यह क्षेत्र घोर नक्सल प्रभावित रहा है। यहां शराबी शिक्षक के भरोसे प्राथमिक शाला चल रही है। हेडमास्टर पंचू राम के शासकीय कार्य से बाहर जाने की स्थिति में स्कूल का संचालन स्वीपर के भरोसे होता है। हेडमास्टर को कानों से कम सुनाई देता है। कार्रवाई के लिए की गई अनुशंसा सबाग के संकुल समन्वयक प्रभु यादव ने बताया कि वायरल वीडियो 3 जुलाई का है, जिसे बाहर के किसी युवक ने रिकार्ड किया है। स्कूल का शिक्षक शराबी है। हालांकि शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत पहले नहीं मिली है। जांच प्रतिवेदन BEO कुसमी को भेजा गया है। कुसमी BEO रामपथ यादव ने बताया कि हेडमास्टर के शराब के नशे में स्कूल जाने का वीडियो संज्ञान में आया था। मामले की जांच कराई गई है। कार्रवाई प्रतिवेदन एक दिन पूर्व ही डीईओ बलरामपुर को भेजा गया है। BEO ने बताया कि बच्चों की संख्या कम होने के कारण स्कूल में अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना नहीं की गई है और स्कूल एकल शिक्षकीय है। दो शराबी शिक्षक पहले हुए सस्पेंड बलरामपुर जिले में नए शैक्षणिक सत्र में दो शराबी शिक्षकों पर पिछले सप्ताह कार्रवाई की गाज गिरी है। वाड्रफनगर ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल सोनहत में पदस्थ टीचर छोटेलाल पंडो के नशे में धुत होकर स्कूल आने और बच्चों के साथ मारपीट की शिकायत डीईओ बलरामपुर और बीईओ वाड्रफनगर से की गई थी। डीईओ डीएन मिश्रा ने जांच रिपोर्ट मिलने के बाद टीचर छोटेलाल पंडो को सस्पेंड कर दिया है। वाड्रफनगर के पशुपतिपुर प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर लक्ष्मी नारायण सिंह का नशे की हालत में छात्राओं के साथ डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लक्ष्मी नारायण सिंह क्लास रूम में मोबाइल में गाना बजाकर स्कूली छात्राओं के साथ डांस कर रहे थे। वीडियो के सामने आने के बाद बलरामपुर डीईओ ने हेडमास्टर लक्ष्मी नारायण सिंह को सस्पेंड कर दिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *