छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने बड़े कार्यक्रम किए, लेकिन इन कार्यक्रमों के दौरान मंच से छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर गायब रही। वहीं, मैनपाट में छत्तीसगढ़ी गाने और मांदर की थाप पर सीएम साय और मंत्री डांस करते नजर आए। जबकि कांग्रेस के कार्यक्रम में एंट्री को लेकर धक्का-मुक्की हो गई। जिस पर फूलोदेवी नेताम ने सिक्योरिटी पर नाराजगी जताई। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इन कार्यक्रमों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस एक-दूसरे पर तंज कस रहे हैं। दरअसल, कांग्रेस ने 7 जुलाई को रायपुर में किसान जवान संविधान जनसभा का आयोजन किया था। वहीं, 7 से 9 जुलाई तक मैनपाट में बीजेपी प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम हुआ। इन दोनों कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो गायब थी। जबकि चुनाव के दौरान दोनों ही पार्टियों ने अपने बैनर-पोस्टर और सभा में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर लगाई थी। कांग्रेस कार्यालय में प्रवेश को लेकर बवाल 7 जुलाई को रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद जब नेता साइंस कॉलेज से राजीव भवन पहुंचे, तो गेट पर रोके जाने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखी। कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नेताओं को अंदर जाने से रोका जा रहा है। वायरल वीडियो में एक कार्यकर्ता गेट पर खड़े लोगों से कहता दिखा कि, दादागिरी कर रहे हो क्या? धक्का-मुक्की के बीच एक महिला कार्यकर्ता असहज हो गई। फूलोदेवी नेताम को लगा धक्का, सिक्योरिटी पर भड़कीं इस बैठक के बाद जब महिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम बाहर निकल रहीं थीं, तभी पीछे से किसी का धक्का लग गया। नेताम ने तत्काल नाराजगी जाहिर की और मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स को फटकार लगाई। फूलोदेवी नेताम की प्रतिक्रिया का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भूपेश बघेल का विनोद तावड़े पर हमला मैनपाट में भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को लेकर भूपेश बघेल ने तंज कसा है। सोशल मीडिया पोस्ट पर बघेल ने लिखा कि महाराष्ट्र चुनाव में एक महासचिव को 5 करोड़ कैश बांटते पकड़ा गया, वही अब छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण देने आए हैं। भ्रष्टाचार ही भाजपा का प्रशिक्षण एजेंडा है। अमित शाह का दौरा टला, कांग्रेस का कटाक्ष भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मैनपाट दौरा प्रस्तावित था, लेकिन ऐन वक्त पर दौरा रद्द हो गया। कांग्रेस ने कहा कि, दाल में कुछ काला नहीं, पूरी दाल ही काली है। कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया कि राज्यपाल रमेन डेका ने गृहमंत्री को क्या ऐसा फीडबैक दिया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ का दौरा रद्द कर दिया ? छत्तीसगढ़ी गानों और मांदर की थाप पर झूमे सीएम-मंत्री बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन 8 जुलाई को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गले में मांदर डालकर जमकर थिरके। मुख्यमंत्री के साथ अन्य मंत्री और विधायक भी प्रशिक्षण शिविर में झूमने नाचते नजर आए। वहीं मंच पर विधायक अनुज शर्मा ने छत्तीसगढ़ी गाने गाए। जिस पर भाजपा नेताओं ने डांस किया। भाजपा ने कांग्रेस पर किया पलटवार कांग्रेस के एक के बाद एक पोस्ट के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। 7 जुलाई को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की रायपुर में जनसभा हुई थी। जिस पर बीजेपी ने लिखा है कि, रागा के सनातन विरोधी नीति पर चलते खड़गे। ………………………. ये खबर भी पढ़ें… अमरजीत ने खड़गे को बाबा-साहेब का दूसरा अवतार बताया: भगत ने कहा-छत्तीसगढ़ पूरी तरह से डूब गया, BJP बोली-संविधान की आत्मा को कांग्रेस कुचल रही छत्तीसगढ़ के पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तुलना बाबा साहब अंबेडकर से की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पूरी तरह से डूब गया है। ऐसे समय में खड़गे साहब का आना संजीवनी है। मैं तो यहां तक कहता हूं कि खड़गे बाबा साहब के दूसरे अवतार के रूप में आए हैं। पढ़ें पूरी खबर


