भोजपुर में कांग्रेस की बैठक में गुरुवार को दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई है। घटना में कुछ लोगों के सिर में चोट भी आई है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें कांग्रेस नेता मारपीट करते दिख रहे हैं। दरअसल, INC के सचिव और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी छत्तीसगढ़ के भिलाई विधायक देवेंद्र यादव आज भोजपुर पहुंचे थे। देवेंद्र यादव के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत कार्यक्रम रखा गया था। जैसे ही विधायक देवेंद्र यादव कांग्रेस ऑफिस पहुंचे, कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान भीड़ में शामिल दो पक्षों में तू-तू मैं-मैं होने लगी, जो हाथापाई तक पहुंच गई। कांग्रेस ऑफिस में हंगामे की 3 तस्वीरें… सीनियर लीडर्स ने किया बीच बचाव हाथापाई होता देख बाकी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव करते हुए दोनों पक्षों को हटाया। इसके बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। कांग्रेस नेता उपेंद्र कुमार सिंह बक्सर से लौट रहे देवेंद्र यादव को स्वागत करते हुए शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय लेकर आ रहे थे। इसी बीच, उनके समर्थकों की ओर से नारेबाजी की जा रही थी। इसी दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देवेंद्र यादव बोले- ये सब उपद्रवियों ने किया मारपीट के बाद कांग्रेस ऑफिस में मौजूद छत्तीसगढ़ के भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव ने कहा- ‘कौन आपस में लड़ा है, किसे चोट लगी है, क्या हुआ है, ये आने वाले समय में पता चलेगा। ये तो तुरंत-तुरंत की बात है।’ ‘इस हंगामे और मारपीट में कोई कांग्रेस है भी कि नहीं या बाहर से कोई उपद्रवी आकर हंगामा कर रहा है, ये देखना होगा।’ ‘हमारे जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की ओर से बताया गया है कि हंगामा और मारपीट में हमारी पार्टी के कार्यकर्ता नहीं है। बाहर से उपद्रवी आकर हमारे कार्यक्रम में हंगामा कर रहे हैं।’ बीच-बचाव में करने गए कांग्रेसी की हुई पिटाई घायल कांग्रेस नेता का नाम सुनील कुमार सिंह है। वे नवादा थाना क्षेत्र के नवादा मोहल्ले में रहते हैं। कांग्रेस के सीनियर नेता हैं। सुनील कुमार हिंदू महिला कॉलेज में सहायक क्लर्क हैं। उनके पिता शिवकुमार सिंह भोजपुर कांग्रेस कमेटी भोजपुरी के पूर्व उपाध्यक्ष के साथ कांग्रेस के पुराने कद्दावर नेता हैं। सुनील कुमार ने बताया, ‘भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव को देखने और सुनने के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। यहां देवेंद्र के आने के बाद जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे थे। इसी बीच दो गुट आपस में भिड़ गए।”दोनों के बीच हाथापाई भी हुई थी। जिसका मैं बीच बचाव करने के लिए गया हुआ था।’ उपेंद्र कुमार सिंह और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप कांग्रेसी नेता उपेंद्र कुमार सिंह बक्सर से लौट रहे देवेंद्र यादव का स्वागत करते हुए शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय लेकर आ रहे थे। इसी बीच उनके समर्थक जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे थे। कार्यक्रम में देरी होने से अशोक सिंह और अलीपुर पंचायत के पूर्व मुख्य सह कांग्रेस नेता उपेंद्र कुमार सिंह के समर्थक के बीच नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि उपेंद्र कुमार सिंह आरा विधानसभा से अपनी दावेदारी कर रहे हैं। जिसे लेकर उपेंद्र के समर्थक इनके पक्ष में जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। सुनील ने उपेंद्र कुमार सिंह और उनके समर्थकों पर मारपीट और सिर फोड़ने का आरोप लगाया है।


