छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 17 हाथियों के झुंड ने बुधवार रात खेतों में घुसकर फसलें बर्बाद कर दीं और बोर पंप तोड़ डाले। धरमजयगढ़ वन मंडल के सिंघिझाप जंगल में घूम रहे 17 हाथियों का एक दल गांव में घुस आया और शनिराम नामक किसान के खेत में भारी नुकसान पहुंचाया। इसी रात गेरसा गांव में 5 हाथियों ने दो किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया, जबकि बरतापाली में भी एक किसान की पूरी फसल बर्बाद कर दी गई। हाथियों ने कई जगहों पर बोर मोटर पंप भी तोड़ दिए हैं। जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को लगी, तो मामले की सूचना वन अमला को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुरुवार सुबह से नुकसान का सर्वे कर रही है, ताकि पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जा सके। ड्रोन कैमरे में हाथी दल नजर आया छाल वन परिक्षेत्र के बोजिया बीट के बाघमारा जंगल में ड्रोन कैमरे की मदद से हाथियों का दल देखा गया। ये हाथी एक स्थान पर आराम करते नजर आए। आशंका जताई जा रही है कि यह दल डंगबोरा पतरा और आमामुड़ा की ओर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए हाथी मित्र दल ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील करते हुए चेतावनी जारी की है। जंगल में 100 से अधिक हाथी
वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, धरमजयगढ़ वन मंडल में इस समय 134 हाथी अलग-अलग दलों में मौजूद हैं। इनमें 27 नर, 68 मादा और 39 शावक शामिल हैं। सबसे ज्यादा हाथी पुरूंगा बीट (28) और रैरूमा बीट (25) में देखे गए हैं।


