बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए रांची से देवघर के लिए कांवरियों के जत्थे निकलने लगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड में कांवरियों की भीड़ दिखी। ट्रेनों में वेटिंग भी बढ़ती ही जा रही है। श्रावणी स्पेशल ट्रेन में भी कांवरियों की भीड़ रही। रांची से भागलपुर और देवघर जाने वाली बसों में कांवरियों ने पहले से ही बुकिंग करा रखी थी। बस का किराया भी अलग-अलग लिया जा रहा था। भागलपुर के लिए किराया 500 से 700 रुपए और जसीडीह का किराया 400 से 600 रुपए लिया गया। झारखंड बस चालक कल्याण संघ के महासचिव राणा बजरंगी सिंह ने बताया कि सुल्तानगंज का किराया 700 से 800 रुपए है और भागलपुर का किराया 700 से 900 रुपए तक है। वहीं देवघर का किराया 400 से 600 रुपए है। ऑनलाइन बुकिंग में कोई लिमिट नहीं है। देवघर का किराया 700 से 900 और सुल्तानगंज का किराया 1000 रु. तक पहुंच गया है। किराया 100 रुपए तक बढ़ गया है। रेलवे स्टेशन में लगे भोलेनाथ के जयकारे रेलवे स्टेशन में मौर्या एक्सप्रेस, पाटलीपुत्र एक्सप्रेस, श्रावणी मेला एक्सप्रेस ट्रेनों में सैकड़ों की संख्या में कांवरिए रवाना हुए। बाबा भोलेनाथ के जयकारों से पूरा स्टेशन गूंजता रहा। केशरिया रंग से स्टेशन पटा दिखा। टिकट काउंटर में भी काफी भीड़ रही। कांवरियों की सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने भी इंतजाम किए थे। गाड़ियों का किराया 4000 रु. तक बढ़ा प्राइवेट गाड़ियों के किराए में इजाफा हुआ है। 2000 से 4000 रुपए तक किराया बढ़ा कर लिया जा रहा है। इस समय सुल्तानगंज होकर देवघर जाने का किराया 12 हजार से 15 हजार रुपए तक है। सभी ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है।


