मौसम विभाग ने 11 जुलाई को 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रांची में भी कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत कई जिलों में 16 जुलाई तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। कुछ इलाकों में तेज हवा और गर्जन के साथ बरसात की संभावना है। वहीं, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश 158.4 एमएम घाटशिला में दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, शुक्रवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना है। साथ ही राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के झोंका के साथ वज्रपात की भी संभावना है। हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। 13 जुलाई को भारी बारिश की संभावना 12 जुलाई को राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और वज्रपात की संभावना है। वहीं, 13 जुलाई को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और इसके निकटवर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम राज्य में मानसून सक्रिय रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में लगभग सभी स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। जबकि कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी वर्षा भी हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस गढ़वा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया। झारखंड में अब तक 482.8 एमएम हो चुकी है बारिश इधर, मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अब तक (एक जून से 9 जुलाई तक) 482.8 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि इस अवधि में झारखंड में सामान्य बारिश 285.6 एमएम ही होती है। राज्य में अब तक 69% अधिक बारिश हो चुकी है। रांची में अब तक 736.4 एमएम बारिश हो चुकी है। सिर्फ 4 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। इनमें गढ़वा, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिले शामिल हैं। गढ़वा में अब तक 150.7 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 30% कम है। वहीं, गोड्डा में 190.6 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 27% कम है।


