कर्ज चुकाने के लिए इमोशनल ब्लैकमेल कर नाबालिग बेटी को देहव्यापार में धकेला

भास्कर न्यूज| लुधियाना मेरी मां ने ही मुझे देहव्यापार के लिए मजबूर किया। उसने घर और जमीन के लिए 6 लाख रुपए कर्ज लिया था। जब लेनदार पैसों के लिए दबाव बनाने लगे तो मार्च में मां ने मुझे आरोपियों के घर नौकरानी के तौर पर भेज दिया। वहां आरोपी महिला और उसके पति ने जबरन देहव्यापार करवाना शुरू कर दिया। करीब 12 से ज्यादा लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनवाए गए। यह खुलासा पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी घर में और भी कई लड़कियां आती थीं, जो उम्र में उससे बड़ी थीं। उन सभी से भी देहव्यापार करवाया जाता था। मां हर महीने उससे मिलने आती थी। उसने कई बार मां से गुहार लगाई कि उसे वहां से ले जाए, क्योंकि आरोपी उसे गलत काम के लिए मजबूर कर रहे हैं। लेकिन मां उसे कर्ज का हवाला देती और कहती कि अगर वह घर लौटी तो खुद और पिता को जहर दे देगी। डर और मजबूरी के कारण वह वहीं रुकी रही। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मां को केस में नामजद किया है। वहीं, थाना सदर में 30 जून को 15 वर्षीय लड़की से देह व्यापार करवाने के मामले में एक दंपती पर केस दर्ज हुआ था। केस की आईओ तमन्ना ने बताया कि पीड़िता ने बताया कि उसके साथ हो रहे रेप के बारे में उसकी मां को जानकारी थी। इसलिए अब केस में उसकी मां को नामजद किया है, लेकिन मां और आरोपी व्यक्ति दोनों फरार है। उनकी तलाश की जा रही है। पीड़िता घर के पास जाने की बात पर कांपी: परिजन पीड़िता के परिजनों ने भास्कर को बताया कि 25 जून की शाम को जब लड़की अपनी बड़ी बहन के पास पहुंची तो वह रोने लगी। बड़ी बहन को आप बीती बताते हुए, खुद को बचाने के लिए कहा, फिर लड़की के जीजा ने अपनी सास के पास जाने की बात कही तो लड़की कांपते हुए रोने लगी। और रोते हुए जीजा के पैर पकड़ते हुए मदद की गुहार लगाई। फिर जीजा के प्रयासों के बाद ही पुलिस को शिकायत दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *