लुधियाना| तलाक की प्रक्रिया से गुजर रही एक महिला के साथ उसके पूर्व पति और ससुर ने मिलकर धोखाधड़ी कर दी। महिला के बैंक चैक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 70 हजार रुपए निकाल लिए गए। मामला करीब दो साल पुराना है, लेकिन अब जाकर थाना जोधेवाल पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता कमलप्रीत कौर, निवासी अमृतसर, ने बताया कि जब वह तलाक की प्रक्रिया में थी, उसी दौरान उसके पूर्व पति हरपाल सिंह और ससुर दविंदर सिंह (निवासी कृष्णा कॉलोनी) ने उसके चैक पर जाली दस्तखत कर बैंक से पैसे निकलवा लिए। बाद में जब कमलप्रीत ने बैंक स्टेटमेंट चेक किया, तो यह ठगी सामने आई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन मामले की जांच में दो साल लग गए। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी बलकार सिंह ने बताया कि फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।


