भास्कर न्यूज| लुधियाना साईं द्वारका माई धाम, ललतों कलां, पक्खोवाल रोड पर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भव्य साईं संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संदीप सिंगला ने परिवार सहित ज्योति प्रज्वलित कर साईं बाबा का आशीर्वाद लेकर किया। चंडीगढ़ के भजन गायक कपिल विग और उनके साथियों ने गणपति वंदना से संध्या की शुरुआत की और एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। कपिल विग ने तूने साईं द्वार पर कितने दीप जलाए, हर हालत में जो मुस्काए, साईं नाम जो गाए, साईं वे साड़ी फरियाद तेरे ताई जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया। इस दौरान श्रद्धालु साईं बाबा के चरणों में मत्था टेकते रहे और उनके ग्यारह वचनों का स्मरण करते हुए मंत्रमुग्ध हो गए। कपिल विग ने कहा कि साईं बाबा ने अपने भक्तों से वादा किया था कि जो उन्हें जहां याद करेगा, वह वहीं प्रकट होंगे। साईं सेवा समिति के सदस्य अविनाश माटा, दिनेश गोयल, अनीष ढंड, वरुण जैन और विजय पुरी ने श्रद्धालुओं की सेवा की। कार्यक्रम का समापन साईं आरती और लंगर वितरण के साथ हुआ।


