सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के 10 सांगठनिक ब्लॉक में 61 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। कांग्रेस ने अपने उदयपुर अधिवेशन में संगठन की मजबूती के लिए ब्लॉक अध्यक्ष और बूथ लेबल अभिकर्ता के मध्य माइक्रो मैनेजमेंट के लिए मंडल अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के उपरांत सभी मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति का पत्र ब्लॉक अध्यक्षों को सौंपा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ऐसा पहला संगठन है, जिसने शत प्रतिशत मंडल नियुक्ति के लक्ष्य को पूरा किया है। नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का नियुक्ति प्रमाण पत्र एआईसीसी सदस्य और पूर्व जिपं उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने ब्लॉक अध्यक्षों को सौंपा। बाल कृष्ण पाठक ने कहा कि मंडल अध्यक्षों के नियुक्ति 15 जुलाई के पूर्व पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था जो समय पर पूरा हो गया है। चुनाव में निभाएंगे निर्णायक भूमिका-आदित्येश्वर
एसआईसीसी सदस्य एवं जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि ब्लॉक और बूथ के बीच की कड़ी के रूप में मंडल अध्यक्ष और उनकी टीम चुनाव में पार्टी के निर्णायक बढ़त में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगी। बिहार में चुनाव आयोग जो कर रहा है, उसे देखते हुए यह कवायद महत्वपूर्ण हैं। सरगुजा में प्रत्येक बूथ को करेंगे मजबूत
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति ने वर्ष 2025 को कांग्रेस के संगठनात्मक मजबूती देने के लिए तय किया है। 2025 के अंत तक सरगुजा जिले में प्रत्येक बूथ तक संगठन को एक मजबूत आधार दे दिया जाएगा।
मंडल की होगी 15 सदस्यों की कार्यकारिणी सरगुजा जिले में बनाए गए कुल 61 मंडल में अंबिकापुर शहर ब्लॉक में 6, अंबिकापुर ग्रामीण ब्लॉक में 9, लखनपुर में 9, उदयपुर में 5, दरिमा में 6, लुण्ड्रा में 3, धौरपुर में 2, बतौली में 7, सीतापुर में 8 और मैनपाट में 6 मंडल बनाए गए हैं। कांग्रेस के मंडलों में 15 सदस्यीय कार्यकारिणी बनाई जाएगी। यह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की तर्ज पर बनाए जाएंगे। मंडल अध्यक्ष को बीएलए के नियुक्ति की अनुशंसा का अधिकार होगा। साथ ही मंडल अध्यक्ष द्वारा बूथ लेबल पर बीएलए की कार्यकारिणी भी तैयार कराई जाएगी। ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन में पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, अजय अग्रवाल, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित हेमंत सिन्हा, अरविंद सिंह, विनय शर्मा, अमित सिंहदेव, सिद्धार्थ सिंहदेव, बलराम यादव, राजनाथ सिंह, इंद्रजीत धंजल, प्रदीप गुप्ता, नारद गुप्ता, मो इस्लाम, दुर्गेश गुप्ता आदि मौजूद थे।


