सहारनपुर में जनसेवा केंद्र (मिनी बैंक) में डकैती करने वाले बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो डकैतों को अरेस्ट किया है। एक डकैत के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार बदमाश सगे भाई है। पुलिस दो दिन पहले एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर जेल भेज चुकी है। मामला थाना नकुड़ के अंबेहटा पीर का है। नकुड़ थानाक्षेत्र के खेड़ा अफगान रोड स्थित सत्संग भवन के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। खेड़ा अफगान रोड पर गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस का सामना बदमाशों से हुआ। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जुनैद पुत्र इकबाल और इस्तखार पुत्र इकबाल के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और खैरशाल थाना गंगोह के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार ये बदमाश अबेहटा जेन सेवा केंद्र के संचालक के साथ हुई लूट की घटना में शामिल थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचे, एक बाइक, एक रियलमी मोबाइल फोन और 5370 रुपए नगद बरामद किए हैं। मुठभेड़ में घायल बदमाश जुनैद के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।


