जशपुरनगर | फरसाबहार विकासखंड के झारमुंडा गांव में बगिया आश्रम छात्रावास में सांप के काटने से छात्र अमृत साय की मौत हो गई। यह घटना बीते दिनों हुई। जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। शोक जताया। कहा, यह घटना बेहद दुखद है। सभी को झकझोर कर रख दिया है। सालिक साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आश्रम छात्रावासों में सुरक्षा और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य वेदप्रकाश भगत भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को शासन से हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद सालिक साय और वेदप्रकाश भगत ने जनपद पंचायत फरसाबहार कार्यालय का निरीक्षण किया। विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। अधिकारियों से कहा, आमजन से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता हो। लाभ समय पर मिले।