भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय के नए बस स्टैंड में जलभराव की स्थिति को दूर करने की मांग को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका के पार्षदों व चेंबर ऑफ कॉमर्स के व्यापारियों के साथ अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी साहू कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्टर दिव्या मिश्रा से मुलाकात कर बस स्टैंड सहित शहर की समस्या बताई। ज्ञापन सौंपकर नपाध्यक्ष प्रतिभा ने जानकारी दी कि बारिश के कारण बस स्टैंड में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई है। पानी की निकासी सही तरह से नहीं हो पा रही है। जिसके कारण यात्रियों को आने-जाने में और वहां के व्यापारियों, ग्राहकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। शनिवार को एनएच विभाग के इंजीनियर, अफसर के साथ बैठक करने की बात भी कही। गौरतलब है कि नपा व एनएच विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोप रहें है। पिछले एक साल में 22 बार जलभराव की स्थिति बन चुकी है। इस संबंध मंे दैनिक भास्कर ने 10 जुलाई को खबर प्रकाशित कर जिम्मेदारों का ध्यानाकर्षण कराया था। जिसके बाद नपा के जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या को दूर करने मांग की। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद गिरजेश गुप्ता, गोकुल ठाकुर, प्रीतम यादव, सुनीता मनहर, गोमती रात्रे, श्यामा यादव, कांति साहू, पुष्पा साहू, श्रवण टावरी, संतोष पाढ़ी, तरुण बड़तिया, ललित जैन,हेमराज जिज्ञासी, दिलीप श्रीश्रीमाल, राजू लालवानी, चौरड़िया, वैभव राखेचा एवं अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। एनएच की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे नगर पालिका के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने बताया कि एनएच विभाग के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा वर्तमान में शहर के लोगों व व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। इसके अलावा नए बस स्टैंड पहुंचने वाले जिले के लोग भी परेशान है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हरीश सांखला ने जल्द समस्या का निराकरण कराने मांग किया ताकि व्यापारियों को भी राहत मिल सकें। जलभराव होने से व्यापार प्रभावित होता है। पानी भरा होने की वजह से बस स्टैंड के दुकानों में ग्राहक नहीं पहुंच पाते।


