भास्कर न्यूज | अंबिकापुर विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत सिघमा में ककना-अखोरा मार्ग किनारे बनी नाली पर अतिक्रमण और मिट्टी पाट देने से एक ग्रामीण का कच्चा घर गिरने की कगार पर पहुंच गया है। बारिश का पानी सड़क से बहकर सीधे उसके घर में घुस रहा है, जिससे घर में दरार आ गई है और दीवारें कमजोर हो गई हैं। इस समस्या से परेशान ग्रामीण कृष्ण प्रसाद लगातार ग्राम पंचायत और तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। ग्रामीण कृष्ण प्रसाद का कहना है कि नाली बंद होने के कारण बारिश का पानी घर में भर रहा है। इससे न केवल घर के सामान खराब हो रहा है, बल्कि मकान भी बेहद कमजोर हो चुका है और कभी भी गिर सकता है। कृष्ण प्रसाद ने इस समस्या को लेकर 7 मई को सुशासन तिहार में भी आवेदन दिया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के कार्यपालन अभियंता का कहना है कि एस्टीमेट तैयार कर उच्च कार्यालय को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होगा। सड़क और नाली का पानी इस तरह घर में घुस रहा।


