भास्कर न्यूज | राजनांदगांव प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीम ने शुक्रवार को जूनीहटरी, जय स्तंभ चौक से लेकर मानव मंदिर चौक तक दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई की। इस दौरान कई दुकानों के सामने से अतिक्रमण तोड़े गए। वहीं अवैध रूप से टांगे गए बोर्ड को भी हटाया गया। शुक्रवार को जब जूनी हटरी में जेसीबी के साथ अमला पहुंचा तो दुकानदारों में अफरा तफरी का माहौल नजर आया। यहां एक-एक कर सभी दुकानों के सामने अतिक्रमण की जांच की गई। इसके बाद अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जयस्तंभ चौक से लेकर मानव मंदिर चौक तक रोड क्लियर किया गया। कुछ दुकानदारों ने पार्किंग की व्यवस्था नहीं की है। इस पर लोगों का आक्रोश दिखा। पिछले दिनों गुड़ाखू लाइन में प्रशासनिक टीम ने यह कार्रवाई की थी। इसके बाद शुक्रवार को कार्रवाई के बाद बाजार में व्यवस्था में सुधार दिखाई दिया। मानव मंदिर के सामने से भी शेड हटाए गए। जूनी हटरी में कई दुकानदारों के दुकान के सामने लगे शेड उखाड़े गए। वहीं फ्लैक्स हटाने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा कुछ दुकानों के सामने बढ़ाए गए प्लेटफार्म को भी तोड़ने की कार्रवाई की गई।


