रीवा में मैमोग्राफी मशीन का लोकार्पण:स्तन कैंसर रोगियों को मिलेगा लाभ ; लंबे समय से थी दरकार

प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने एक दिवसीय रीवा भ्रमण के दौरान संजय गांधी हास्पिटल का दौरा किया। जहां राज्यपाल ने संजय गांधी हास्पिटल में स्तन कैंसर की जांच के लिए लगाई गई मैमोग्राफी मशीन का लोकार्पण किया। इसके बाद राज्यपाल ने सिकल सेल एनीमिया की जांच के लिए बनाए गए बिरसा मुंडा सेंटर आफ एक्सीलेंस का भी भ्रमण किया। इस सेंटर में गर्भावस्था में गर्भ से नमूने लेकर सिकल सेल एनीमिया की जांच की जाती है। राज्यपाल ने सेंटर में उपस्थित सिकल सेल से पीड़ित रोगियों और उनके परिजनों से भेंट की। राज्यपाल ने कहा कि नियमित उपचार से इस रोग पर पूरी तरह से नियंत्रण प्राप्त हो जाता है। राज्यपाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में सिकल सेल एनीमिया की जांच और उपचार के लिए बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में 86 लाख व्यक्तियों की जांच में एक लाख 65 हजार व्यक्ति इस रोग के कैरियर पाए गए और 25 हजार से अधिक व्यक्ति सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित पाए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक सिकल सेल के पूरी तरह से उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे प्राप्त करने के लिए जन्म के 72 घण्टे के भीतर प्रत्येक शिशु की जांच और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित पाए जाने पर पूरे उपचार की आवश्यकता है। साथ ही पूरे प्रदेश में लोगों को जागरूक करने के लिए गहन जागरूकता अभियान चलाएं। सिकल सेल एनीमिया से पीड़ितों में लगभग 95 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति के हैं। विवाह से पहले वर-वधू की सिकल सेल एनीमिया की जांच अवश्य कराएं। यदि दोनों इस रोग के कैरियर हैं तो उनका विवाह उचित नहीं होगा। लेकिन यदि कोई एक रोग का कैरियर है तो उनका विवाह हो सकता है। सिकल सेल को रोकने के लिए लगातार जांच किया जाना आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने संजय गांधी हास्पिटल में बिरसा मुण्डा जांच केन्द्र शुरू कराकर सराहनीय कार्य किया है। अस्पताल के अधीक्षक राहुल मिश्रा और डीन सुनील अग्रवाल ने बताया कि लंबे समय से संजय गांधी अस्पताल में मैमोग्राफी मशीन की दरकार थी। जो अब मिल गई है। संभाग भर के मरीज अब इस मशीन से लाभ ले सकेंगे। स्तन कैंसर के इलाज में यह मशीन बहुत महत्वपूर्ण है। स्त्री रोग विशेषज्ञ और परियोजना प्रमुख डॉ बीनू सिंह ने सिकल सेल रोग के कारण, उपचार और बचाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संजय गांधी हास्पिटल का बिरसा मुण्डा जांच केन्द्र प्रदेश का पहला जेनेटिक क्लीनिक है। साथ ही देश का प्रथम उत्कृष्टता केन्द्र है। कार्यक्रम में मेडिकल कालेज के डीन डॉ सुनील अग्रवाल ने उत्कृष्टता केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी एमएस सिकरवार, डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, अधीक्षक डॉ राहुल मिश्रा और अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *