जामताड़ा प्रखंड के पंजानिया पंचायत के आदिवासी टोला बाड़ेडीह में मछली पकड़ने गए 65 वर्षीय शिवलाल हेंब्रम की बराकर नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही समाज सेवक सुभाष मिर्धा बाड़ेडीह पहुंचे। उन्होंने पंचायत मुखिया और झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू को सूचित किया। जामताड़ा थाना प्रभारी को भी जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शिवलाल हेंब्रम अपने पीछे पत्नी बहमनी हसदा और पांच पुत्रों को छोड़ गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार से बात की। उन्होंने जामताड़ा आकर परिवार से मिलने और मुआवजे की व्यवस्था का आश्वासन दिया। इधर, पुलिस ने शव को पंचनामा करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है।


