ट्रांसफार्मर के नीचे बैठकर सब्जियां बेचने को मजबूर सब्जी वाले, यही जाम का भी कारण

भास्कर संवाददाता| दतिया स्थानीय और नगरीय प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही के चलते शहर के फुटकर विक्रेता दो जून की रोटी के लिए जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि, शहर में बिजली के खंभों से लेकर ट्रांसफार्मरों के नीचे तक चाय की गुमटियां और सब्जी विक्रेताओं की दुकानें तक सज रहीं हैं। किला चौक से गुलजार शाह दरगाह और लकड़ियों की टाल तक लगने वाले जाम का कारण यह फुटकर विक्रेता तो हैं हीं साथ ही इनके साथ कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। नगर में व्यापार करने के लिए जान जोखिम में डालकर व्यापार करने को मजबूर हैं। लोगों को जहां भी जगह मिलती है वह दुकान खोलने से नहीं हिचकिचाते हैं। शहर में राजगढ़ चौराहा से किला चौक और हजरत गुलजार शाह तक की सड़क के किनारों पर नजर डालें तो ट्रांसफार्मर के नीचे और बाजू में ठेले या डलिया लगाकर फुटपाथ को घेर लिया है। समाधान की गुंजाइश पर अधिकारियों को परवाह नहीं शहर में किला चौक पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नपा अधिकारियों के पास काफी गुंजाइश है। हजरत गुलजार शाह से लेकर गांधी पार्क के चारों ओर सब्जी मंडी में सड़क पर बैठने वाली महिलाओं को व्यवस्थित किया जा सकता है। इसके लिए हाथी खाना पर सब्जी मंडी सालभर पहले बनकर तैयार हो चुकी है। सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं की सुविधा के टीनशेड हैं और पानी की व्यवस्था भी लेकिन नपा इसका ताला नहीं खोल रही है। यदि सब्जी विक्रेताओं को यहां शिफ्ट किया जाए तो समस्या का समाधान किया जा सकता है। हमें हैंडओवर नहीं हुई मंडी ^ सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं को शिफ्ट करने की हमारी योजना है, लेकिन मंडी हमें अभी हैंडओवर नहीं हुई जैसे ही यह मंडी हमें हैंडओवर होगी तो इसमें सब्जी विक्रेताओं को शिफ्ट करेंगे। अनुपम पाठक, निरीक्षक, नपा दतिया अतिक्रमण से तीनों पार्क नजर नहीं आ रहे शहर के हृदय स्थल पर तीन पार्क हैं। राजा गोविंद सिंह पार्क, राजा भवानी सिंह पार्क और गांधी पार्क। राजा गोविंद सिंह पार्क शहर के बीच सबसे हरा-भरा पार्क है। इन दिनों पार्क के बाहर जिला प्रशासन ने अपना तंबू गाड़ रखा है जिससे यह पार्क नजर नही आता। राजा भवानी सिंह पार्क के बाहर चारों ओर ठेले लगे हुए हैं। गेट तक पहुंचने के लिए रास्ता समझ नहीं आता है। पार्क के अंदर और बाहर गंदगी नजर आ रही है। यह पार्क शहर के अंदर सबसे बदहाल नजर आ रहा है। महात्मा गांधी पार्क के चारों ओर सब्जी विक्रेता पार्क को घेरकर बैठे हुए हैं जिससे यह पार्क भी नजर नहीं आती।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *