भास्कर न्यूज | लुधियाना राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने पंजाब में राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की दिशा में केंद्र सरकार पर दबाव डाला है। उन्होंने कहा कि पंजाब जैसी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाले राज्य को इन आयोजनों की योजना में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अरोड़ा ने यह बयान संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव (आरएसएम) के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में दिया। संजीव अरोड़ा ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय ने युवाओं में भारत की संस्कृति और विरासत के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जोनल कल्चरल सेंटर्स (जेडसीसी) के माध्यम से आरएसएम का आयोजन किया है। अब तक देश में 14 राष्ट्रीय स्तर के आरएसएम और 4 जोनल स्तर के आरएसएम आयोजित किए जा चुके हैं। यह जानकारी संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा के शीतकालीन सत्र में दी। मंत्री ने यह भी बताया कि 2019-20 से 2023-24 तक आरएसएम और जोनल आरएसएम के आयोजन के लिए अनुदान सहायता में 258.91% की वृद्धि हुई है। पंजाब में अब तक इन कार्यक्रमों का आयोजन नहीं हुआ है। अरोड़ा ने पंजाब में भी ऐसे आयोजनों के लिए सरकार से आग्रह किया है, ताकि राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया जा सके।