मनेंद्रगढ़ | ग्राम पंचायत बंजी में जोगनी छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच के बैनर तले विशेष सांस्कृतिक और भक्ति कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कला मंच के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि एमएसआर म्यूजिक बंजी के डायरेक्टर चंद्रशेखर रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ लोक कलाकार विकास संघ के प्रदेश अध्यक्ष और कबीर भजन सम्राट नवलदास मानिकपुरी रहे। उनके साथ सुप्रसिद्ध गायिका अनुसूइया मानिकपुरी भी मंच पर रहीं। जैसे ही दोनों कलाकार ग्राम बंजी पहुंचे, जोगनी कला मंच के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इन दिनों नवलदास मानिकपुरी मनेंद्रगढ़ जिले के ग्रामीण अंचलों में साप्ताहिक प्रवास पर हैं। वे स्थानीय लोक कलाकारों को मंच, मार्गदर्शन और मनोबल दे रहे हैं। उनका यह प्रयास ग्रामीण संस्कृति के संरक्षण के लिए सराहनीय माना जा रहा है। नवलदास और अनुसूइया मानिकपुरी ने भावपूर्ण भजनों से माहौल को भक्ति रस से भर दिया। कबीर वाणी पर आधारित भजनों के माध्यम से उन्होंने जीवन के मूल्य, गुरु का महत्व और मानवता का संदेश दिया। भजन सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। सभी ने कलाकारों की खूब सराहना की। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी भाग लिया। ग्राम पाराडोल से रमेश प्रसाद और ग्राम बंजी से रामलाल व चंद्रशेखर ने अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर जोगनी लोक कला मंच के सदस्य कन्हैयालाल, नभाग सिंह, मेवालाल, राहुल कुमार, हरिदास, सूर्यकांत, मोहित कुमार और श्याम बिहारी दीवान मौजूद रहे।


