गुमला जिले में रविवार को वज्रपात की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आईं। भरनो और करंज थाना क्षेत्र के जोली गांव में खेत में काम कर रहे किसान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। मौसम विभाग ने गुमला समेत कई जिलों के लिए अगले दो दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हल जोतते समय वज्रपात से किसान की मौत जोली गांव निवासी 45 वर्षीय शुका उरांव खेत में हल जुताई कर रहे थे, तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए। घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके साथ खेत में काम कर रहे 42 वर्षीय गंदुरा मुंडा भी झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसई लाया गया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने शुका उरांव को मृत घोषित कर दिया। गंदुरा मुंडा की हालत गंभीर देख उन्हें रांची के रिम्स भेजा गया। खेत में रोपाई कर रही बच्ची झुलसी इसी दिन खरवा गढ़ा में भी वज्रपात की एक और घटना हुई। खेत में धान की रोपाई कर रही वीरेंद्र उरांव की 10 वर्षीय बेटी अंकिता कुमारी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। उसे भरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। पड़ोसी के घर गए युवक की हालत गंभीर तीसरी घटना भगत टोली में घटी। यहां 22 वर्षीय सूरज महली अपने पड़ोसी जगे उरांव के घर गए थे, उसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वे भी झुलस गए। उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है। पुलिस ने मृतक शुका उरांव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मौसम विभाग ने गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और आसपास के जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।


