छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पीडब्यूडी की सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा के दौरान दो लड़कियां नकल करते पकड़ी गई। इसमें सेंटर के अंदर परीक्षा दे रही एक अभ्यर्थी अपने अंडरगारमेंट्स में स्पाईकैम छिपाकर नकल कर रही थी। जबकि दूसरी लड़की सेंटर के बाहर ऑटो में बैठी थी और उसे वॉकी टॉकी की मदद से जवाब दे रही थी। दो लड़कियां सगी बहनें हैं। ऑटो में बैठी लड़की पर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को शक हुआ तो उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के रामदुलारे शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल का है। दरअसल, पीडब्ल्यूडी में असिस्टेंट इंजीनियर के 113 पदों के लिए रविवार को व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की ओर से भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चली। बिलासपुर शहर के सरकंडा स्थित शासकीय रामदुलारे बालक उच्चतर माध्यमिक शाला (मुक्तिधाम) को भी एग्जाम सेंटर बनाया गया था। इसी एग्जाम सेंटर में अभ्यर्थी अनुसूर्या परीक्षा देने आई थी। एग्जाम सेंटर में तय समय से यानि 10:00 बजे परीक्षा शुरू हुई। तभी अनुसूर्या स्पाईकैम को अपने अंडरगारमेंट्स में छिपा रखी थी। वहीं, कैमरे का फ्लैश बाहर ऑटो में बैठी बहन अनुराधा बाई के मोबाइल पर डिस्प्ले हो रहा था। बाहर बैठी अनुराधा अंदर परीक्षा दे रही अनुसूर्या के पास रखे मोबाइल से प्रश्नों को देखने के बाद गूगल में आंसर सर्च कर अंदर वॉकी-टॉकी की मदद से उसे बता रही थी। ऑटो चालक ने किया नकल का भंडाफोड़ इस हाईटेक नकल का भंडाफोड़ तब हुआ जब पास में खड़े एक ऑटो ड्राइवर को अनुराधा की एक्टिविटी पर शक हुआ। उसने देखा कि अनुराधा ऑटो में बैठकर लगातार लैपटॉप पर कुछ काम कर रही है और ईयरफोन से बातचीत भी कर रही है। शक गहराने पर ऑटो ड्राइवर ने तुरंत अपने परिचित NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के नेता को इसकी सूचना दी। सेंटर पर पहुंचकर हुआ बड़ा खुलासा सूचना मिलते ही एनएसयूआई नेता विकास ठाकुर अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनुराधा को रोका और जांच की तो पता चला कि उसके पास लैपटॉप, माइक्रो इयर डिवाइस, वायरलेस ट्रांसमीटर, और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट मौजूद थे। पूछताछ में अनुराधा ने यह कबूल किया कि वह एग्जाम सेंटर के भीतर बैठी अपनी बहन को प्रश्नों के उत्तर भेज रही थी। इस दौरान नकल करा रही लड़की अनुराधा और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो लड़की ये अंदर वाली लड़की के बारे में पूछ रहे हैं। इस पर लड़की वीडियो बनाने से मना करती है। पुलिस ने बरामद किए हाईटेक डिवाइस एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने तुरंत इसकी सूचना सरकंडा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लड़कियों को हिरासत में लिया और उनके पास से लैपटॉप, हाईटेक वायरलेस डिवाइसेस, माइक, रिसीवर सहित कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए। पूछताछ में परीक्षा हॉल के भीतर बैठी दूसरी लड़की की पहचान भी हो गई, जिसे बाद में बाहर बुलाकर हिरासत में लिया गया। जिला परीक्षा संचालक ने कहा, व्यापमं की ओर से सब इंजीनियर का एग्जाम संचालित किया गया। एग्जाम के बाद एनएचयूआई के जरिए नकल प्रकरण की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने दोनों लड़कियों को हिरासत में ले लिया है। दो लड़कियां सगी बहनें हैं, जो जशपुर के कांपा की रहने वाली है। अब इस मामले में नकल प्रकरण बनाकर व्यापमं को सौंपी जाएगा। आगे की कार्रवाई व्यापमं करेगी। सरकंडा थाना की पुलिस ने सब इंजीनियर के एग्जाम में नकल प्रकरण के मामले में अभ्यर्थी अनु और उसकी बहन अनुराधा को पकड़ा गया है। इस मामले में दोनों लड़कियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।


