भास्कर न्यूज | गिरिडीह पचंबा निवासी ने एक व्यक्ति ने रविवार को थाना में आवेदन देकर पत्नी और 7 साल की बेटी को लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 5 जुलाई को पत्नी और बेटी घर से गायब हो गईं। उन्हें शक है कि स्थानीय युवक दोनों को बहला-फुसलाकर ले गए हैं। वह बाहर काम करते हैं। 5 जुलाई को जब वे घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे की कुंडी खुली थी। सोचा पत्नी आसपास गई होगी। एक घंटे इंतजार किया, लेकिन पत्नी नहीं लौटी। छोटे भाई से पूछा तो उसने बताया कि भाभी डॉक्टर के पास जाने की बात कहकर सुबह 8 बजे निकली थी। घर के अंदर देखा तो आलमारी खुली थी। उसमें रखे डेढ़ लाख रुपए नकद और लाखों के जेवरात गायब थे। आसपास और रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उसी दिन थाना में पत्नी के गुमशुदा होने की सूचना दी। 13 जुलाई को पता चला कि एक युवक भी 5 जुलाई से घर से गायब है। भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग एनएच 114ए के किनारे रविावार की सुबह फिर गोफ बन गया। एनएच अधिकारियों ने शनिवार को गोफ को भरने की कोशिश की, लेकिन रविवार तक स्थिति जस की तस रही। सड़क किनारे मिट्टी का ढेर लगा है। गोफ में लगातार मिट्टी गिर रही है। अब इसका दायरा करीब दो मीटर गोल हो चुका है। ऊपर से गोफ चौड़ा है, अंदर करीब 15 फीट गहराई में जाकर संकरा हो गया है। यह इलाका अंडरग्राउंड कोल माइंस वाला है। यहां वर्षों पहले कोयले की निकासी हो चुकी है। भारी वाहनों की आवाजाही से कंपन होता है। हर एक-दो साल में यहां गोफ बन जाता है। इस बार गोफ एनएच से सिर्फ दो मीटर की दूरी पर बना है। जनवरी में बनाए गए गार्डवाल की वजह से गोफ फैल नहीं पा रहा है। इसलिए यह नीचे की ओर धंसता जा रहा है। अगर आने वाले दिनों में तेज बारिश हुई, तो यह गोफ सड़क को पूरी तरह नुकसान पहुंचा सकता है। यह सड़क गिरिडीह शहर को सीधे जीटी रोड डुमरी से जोड़ती है। इसी रास्ते से डीसी कार्यालय और पुलिस लाइन भी जुड़ा है। शनिवार को गोफ भरने में विभाग की लापरवाही सामने आई। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ सकता है। एनएच धनबाद प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता दिलीप कुमार साहा ने बताया कि गोफ को भरा गया था। अगर फिर से गोफ बन गया है, तो इस बार गिरिडीह कोल माइंस के ओबी से इसे भरा जाएगा। इससे अंदर पत्थर और मिट्टी जाने की संभावना कम होगी।