भास्कर न्यूज | धमतरी आरटीई (शिक्षा का अधिकार) का दूसरा चरण जारी है। इसके लिए अब ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बंद हो गई है। पोर्टल लॉक कर दिया गया है। 12 जुलाई तक नया आवेदन लिया गया। इसमें 310 आवेदन मिले हैं। इन आवेदनों की जांच भी शुरू हो गई है। 19 जुलाई तक नोडल अधिकारी दस्तावेज की जांच करेंगे, पश्चात 22 व 23 जुलाई को लॉटरी निकालकर बच्चों को स्कूल का आबंटन किया जाएगा। पश्चात स्कूल में दाखिला होगा, जो 31 जुलाई तक चलेगा। जिले के 191 स्कूलों में आरटीई के तहत 25 प्रतिशत सीट आरक्षित की गई थी। 1066 सीटों पर पहले चरण में आवेदन लिया गया। दूसरे चरण में 6 नए स्कूलों का पंजीयन हुआ और 26 सीटें भी बढ़ गई। अब कुल 197 स्कूलों में आरटीई की 1092 सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में 884 बच्चों ने दाखिला लिया है। रिक्त 208 सीटों पर दूसरे चरण में एडमिशन होगा। इसकी प्रक्रिया जारी है। इधर बीते साल से अब 2 ही चरणों में दाखिला दिलाया जा रहा है। इसके पूर्व 3 चरणों में आरटीई के तहत प्रवेश चलती थी। हर साल प्रवेश में लेटलतीफी होने के कारण तीसरा चरण बंद किया गया। इस बार दूसरे चरण में सभी सीटें बच्चों को आबंटित की जाएगी। पहले चरण में अधूरे दस्तावेज व अन्य कारणों से अब तक 1191 आवेदन रद्द हो चुके हैं। 1092 सीटों पर कुल 3777 आवेदन पालकों ने किए थे, जिनमें से 1191 आवेदन को रद्द किया गया। इन्हें लॉटरी में शामिल नहीं किया गया। जिले में आरटीई के लिए 62 नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। सभी दस्तावेज की जांच कर रहे हैं। पात्र व अपात्र की जानकारी भी ऑनलाइन अपलोड की जा रही है। इसे आरटीई के पोर्टल में जाकर छात्र पंजीयन व संशोधन में जाकर चेक कर सकते हैं। यहां आरटीई आवेदन की स्थिति देखे पर क्लिक करते ही आवेदन क्रमांक डालना होगा। रिमार्क में पात्र व अपात्र की जानकारी रहेगी। अपात्र दिखेगा, तो संबंधित नोडल अधिकारी से इसकी जानकारी ले सकते हैं। 19 जुलाई के बाद सुधार का आप्शन भी बंद हो जाएगा। निजी स्कूलों में निशुल्क पढ़ाई करने वाले बच्चों को अब तक पुस्तक नहीं मिली है। सत्र शुरू हुए एक महीने बीतने वाला है। इसके बाद भी पुस्तक का वितरण नहीं हो पाया है। शिक्षा विभाग के मुताबिक रायपुर डिपो से पुस्तक निजी स्कूलों को आबंटन किया है। कई स्कूलों में पुस्तक पहुंच चुकी है, पर अब तक वितरण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। बच्चे पुस्तक मिलने का इंतजार कर रहे हैं।


