फाजिल्का जिले के अबोहर शहर में पल्सर बाइक पर सवार लुटेरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। 14 जुलाई को शहर में एक ही दिन में पांच लोगों को इन लुटेरों ने अपना निशाना बनाया। लुटेरों ने एक टीचर और एक वकील से भी लूटपाट की। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। ऑटो का रोका रास्ता, कैश लूटा पुरानी फाजिल्का रोड पर जोहड़ी मंदिर के सामने तीन हथियारबंद लुटेरों ने ऑटो ड्राइवर से नकदी लूट ली। सुभाष नगर के रहने वाले ऑटो ड्राइवर सुमित कुमार ने बताया कि वह फाजिल्का रोड पर जा रहा था। इसी दौरान तीन हथियारबंद लुटेरों ने उसे रोका और सैकड़ों रुपए छीन लिए। पीछा करने पर बाइक तेज कर फरार गुरुकृपा कॉलोनी के एडवोकेट दविंदर सिंह बहल के साथ भी लूट की वारदात हुई। वह बाइक से घर जा रहे थे। नामदेव चौक पर पलसर सवार तीन बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया। एडवोकेट बहल ने नई मंडी तक उनका पीछा किया, लेकिन लुटेरे गलियों में भाग निकले। पुलिस बाइक सवारों को पकड़ने में नाकाम एक अन्य घटना सीतो रोड पर महादेव होटल के सामने हुई। रामपुरा स्कूल के टीचर और एसबीएस नगर के तारा चंद बाइक से जा रहे थे। पलसर सवार तीन लुटेरों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। सोमवार सुबह तक पुलिस लुटेरों को पकड़ने में नाकाम रही।


