इंदौर में भंवरकुआ इलाके के मैरिज गार्डन से युवक दो कैमरे चोरी कर ले गए। आरोपी यहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में नजर आया है। वह गार्डन के बाहर कार से जाते हुए भी दिखा है। पुलिस ने गुरुवार रात मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भंवरकुआ पुलिस ने सौरभ कुशवाह की शिकायत पर एफआईआर की है। उन्होंने बताया कि वे राजीव गांधी चाैराहे पर स्थित शुभ करज गार्डन में शादी में शूट करने गए थे। रात को दूल्हा – दुल्हन के फोटो शूट करने के बाद उन्होंने कैमरे एक कमरे में रखे थे। साैरभ के मुताबिक, कुछ देर बाद कमरे में गया, तो वहां कैमरे रखे हुए बैग नहीं मिले। इसके बाद आसपास ढूंढने के बाद गार्डन के सीसीटीवी चेक किए। इसमें रात साढ़े तीन बजे एक युवक कमरे में आया और दो बैग उठा ले गए। बैग में सोनी कंपनी के एक-एक कैमरे रखे हुए थे। उसने बैग गार्डन के बाहर पार्किंग एरिया में रखे, फिर कार से चला गया। कैमरों की कीमत चार लाख रुपए है।


