छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में खाद की कमी के विरोध में किसानों ने चक्काजाम कर दिया। उन्होंने भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर ग्राम केवटी के पास जाम लगा दिया। किसानों का कहना है कि प्रशासन ने तीन दिन में खाद उपलब्ध कराने का वादा किया था। लेकिन अभी तक वितरण शुरू नहीं हुआ है। वहीं, चक्काजाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कई स्कूल बसें और एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहगीर भी जाम में फंसे रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की कोशिश की। लेकिन किसानों ने ‘पहले खाद, फिर बात’ की मांग दोहराई। अधिकारियों ने खाद की जल्द आपूर्ति का आश्वासन दिया। किसानों ने कहा कि जब तक खाद का वितरण शुरू नहीं होगा, वे सड़क नहीं छोड़ेंगे। खरीफ सीजन की शुरुआत में ही किसानों को खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले भी किसानों ने इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किया था। प्रशासन की ओर से समय पर खाद की व्यवस्था न किए जाने से किसानों में रोष है।