एलपीजी के दुरूपयोग एवं अवैध रिफिलिंग की रोकथाम के लिए अभियान के तहत गठित टीम ने गुरुवार को दो जगह पर कार्रवाई कर 17 सिलेंडर जब्त किए। टीम में जिला रसद अधिकारी वीरेन्द्र सिंह चौधरी, प्रवर्तन अधिकारी पवन सुथार तथा प्रवर्तन निरीक्षक प्रखर भार्गव शामिल रहे। सिने मैजिक के पास श्री कृष्णा बिल्डर्स के सामने बाड़े में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध दुरूपयोग की सूचना पर मौके से भंवरलाल पुत्र सोहनलाल निवासी भगवानपुरा को घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग और भंडारण करते हुए पाया गया। उसके विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 16 गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रोनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त की गई। इसी टीम ने मुक्ताप्रसाद नगर में आकाश स्वीट्स के पास सलाम कुरैशी पुत्र हाजी गफ्फार निवासी सर्वोदय बस्ती को घरेलू गैस सिलेंडर से वाहनों में अवैध रूप से गैस भरते हुए पाए जाने पर 1 सिलेंडर मय इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा गैस रिफिलिंग मशीन जब्त किए गए। समस्त जब्त की सामग्री को निकटतम गैस एजेंसियों के गोदामों में सुरक्षित रखने के लिए पाबंद किया गया। दोनों आरोपियों के विरूद्ध सक्षम न्यायालय में वाद पेश किया जाएगा।


