मनेंद्रगढ़ | खोंगापानी की एसईसीएल से रिटायर्ड बुजुर्ग महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 7 बुद्धू सिंह दफाई निवासी शिमला बाई ने एसपी को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा खोंगापानी स्थित बचत खाते से 7 लाख 50 हजार रुपए धोखाधड़ी कर निकाले गए हैं। आरोपी ने उनके बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर फोन से निकाल लिया। फिर उसी नंबर से यूपीआई बनाकर 17 जून से 1 जुलाई के बीच 14 किश्तों में रकम निकाल ली गई। शिमला बाई ने कहा कि वह असहाय हैं। पेंशन से ही जीवन चलता है। यह रकम उनकी पूरी जिंदगी की जमा पूंजी थी, जिसे ठगों ने छल से ले लिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की जल्द जांच हो। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


