पलामू जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोयल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। शहर की नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा है, जिससे यातायात ठप हो गया है। कई मकानों में पानी घुस चुका है, जिससे लोगों का सामान भीग गया है। जीवन यापन मुश्किल हो गया है। तालाब का पानी ओवरफ्लो, सड़क पर मछलियां शहर के नावाटोली तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगा है। इस बहते पानी के साथ मछलियां भी सड़क पर आ गई हैं। स्थानीय लोग इस अनोखी स्थिति का लाभ उठाते हुए सड़क पर ही जाल लगाकर मछलियां पकड़ते देखे जा रहे हैं। यह नजारा लोगों के लिए रोमांच का विषय बना हुआ है। पुलिस लाइन रोड के मेजर मोड़ के पास पानी की तेज धार बह रही है, जिससे वहां से गुजरना खतरनाक हो गया है। वहीं, रेलवे अंडरपास पूरी तरह से पानी में डूब चुका है, जिससे रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। जिला मुख्यालय समेत कई इलाकों में जलजमाव से जनसुविधाएं ठप हो गई हैं। कई स्कूलों में हुई छुट्टी भारी बारिश को देखते हुए डीएवी, हेरिटेज समेत कई निजी स्कूलों ने छुट्टी की घोषणा कर दी है। कुछ स्कूलों ने नर्सरी से लेकर पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थगित कर दी है। बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक है। कई कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। कुछ घरों की दीवारें गिरने की खबरें भी मिली हैं। खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। घरों से बाहर नहीं निकले, अलर्ट जारी जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और जब तक जरूरी न हो, घर से बाहर न निकलें। प्रशासन की टीमें अलर्ट पर हैं और लगातार निगरानी की जा रही है। मौसम विभाग ने 16 जुलाई को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।


