भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए सागर में हुई रायशुमारी:लिफाफों में बंद कर जनप्रतिनिधियों ने सौंपे 4-4 नाम, पूर्व सांसद से लेकर विधायकों के नाम शामिल

सागर में भाजपा जिला अध्यक्ष के लिए संगठन द्वारा बनाए गए निर्वाचन पदाधिकारी, पर्यवेक्षक ने भाजपा के जनप्रतनिधियों, मंडल से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों से रायशुमारी की। उनसे 4-4 नामों का पैनल भी लिया। 46 मंडल अध्यक्ष, मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ ही विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व और वर्तमान सांसद, निगम मंडल के पूर्व अध्यक्ष-उपाध्यक्षों से यह नाम लिए गए। अलग-अलग जगह से आए नामों में कुल 25 नाम सामने आए हैं। इनमें पूर्व सांसद से लेकर पूर्व विधायकों तक के नाम शामिल हैं। भाजपा ने पहली बार नामों के पैनल में विशेष तौर पर एससी महिला का नाम मांगा है। ऐसे में चर्चा यह भी है कहीं सागर में भाजपा संगठन एससी महिला को जिलाध्यक्ष बनाने का मन पहले से ही तो नहीं बना चुका है। लेकिन वर्तमान में सागर जिले में भाजपा में जबरदस्त गुटबाजी देखने मिल रही है। ऐसे में पार्टी ऐसा जिला अध्यक्ष तलाश रही है जो सर्वमान्य रहे। हालांकि इस माह के आखिर तक यह स्पष्ट हो सकता है कि भाजपा का जिला अध्यक्ष कौन होगा। रायशुमारी में सांसद, विधायक पहुंचे
जिला अध्यक्ष पद के लिए भाजपा कार्यालय में रायशुमारी की गई। जिसमें सांसद डॉ. लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया समेत पूर्व सांसद, पूर्व विधायक आदि पहुंचे। सभी ने अपने-अपने नामों का पैनल लिफाफे में बंद करके दिया। जो विधायक या जनप्रतिनिधि नहीं आ सके, उन्होंने लिफाफे में अपने नाम भिजवा दिए या फिर सीधे फोन पर ही अपने नामों का पैनल बताया है। रायशुमारी में प्रमुख नामों में पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अर्पित पांडे, भाजपा नेता डॉ. अनिल तिवारी, शैलेष केशरवानी, श्याम तिवारी, संध्या भार्गव, वृंदावन अहिरवार के नाम भी चर्चा में हैं। इसके साथ ही पूर्व विधायक विनोद पंथी का नाम भी सामने आ रहा है। टिकट कटने वाले दावेदारों को उम्मीद
पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह का इसी लोकसभा चुनाव में टिकट काट दिया गया था। ऐसे में उनके साथ सिम्पथी भी है। बंडा से पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर का नाम भी रायशुमारी में सामने आया है। बीना से पूर्व विधायक डॉ. विनोद पंथी का नाम एससी महिला के कॉलम में कई लोगों ने लिखकर दिया है। यदि भाजपा जिलाध्यक्ष को बदलती है तो बीना में संभावित उपचुनाव को देखते हुए बीना से ही एससी महिला कोटे से उन्हें अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वर्तमान जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया का नाम भी रायशुमारी में फिर से गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *