रायगढ़ जिले में खाद की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए कृषि विभाग ने कार्रवाई की है। 16 जुलाई को जिला और ब्लॉक स्तर पर टीम ने खाद संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 16 खाद संस्थानों में रिकॉर्ड संधारण नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, अब तक जिले में 42 संस्थानों का निरीक्षण किया गया है। वहीं खरसिया के हरिराम सुल्तानिया संस्थान में विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है। विभाग ने स्पष्ट कहा है कि खाद अधिक दर पर बेचने या नियमों में उल्लंघन पाया गया तो लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। कृषि विभाग के पास आ रही थी शिकायतें इस सीजन में खाद की कालाबाजारी शुरू हो जाती है। खाद व्यवसायी अधिक कीमतों में किसानों को खाद की बिक्री करते हैं। जिसकी शिकायतें भी कृषि विभाग के पास आते रहती है। ऐसे में जिला स्तर व ब्लॉक में खाद निरीक्षकों की टीम बनाई गई है, जो लगातार खाद संस्थानों का निरीक्षण कर रही है। संस्थानों पर खामियां पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी जारी है। लाइसेंस किया जाएगा निरस्त जिला स्तर पर उर्वरक व्यवस्था के नोडल अधिकारी हिंद कुमार भगत ने बताया कि लगातार खाद बिक्री व संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिक दर पर बेचने, रिकार्ड संधारण नहीं करते पाए जाने पर कार्रवाई भी किया जा रहा है। नियमों का कोई व्यवसायी उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उनका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।


