छत्तीसगढ़ विधान सभा में राज्यपाल रमेन डेका ने उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में शिरकत की। इस कार्यक्रम में साल 2024 के लिए उत्कृष्ट विधायक, उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार और उत्कृष्ट इलेक्ट्रानिक मीडिया रिपोर्टर कैमरामेन को सम्मानित किया गया। यहां लोक गायिका मैथली ठाकुर ने गीतों की लाइफ परफॉर्मेंस भी दी। इस समारोह में ‘‘उत्कृष्ट विधायक‘‘ के रूप में भाजपा की भावना वोहरा और प्रतिपक्ष से लखेश्वर बघेल को सम्मानित किया गया । ‘‘उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार‘‘ के लिए दैनिक भास्कर के राकेश पाण्डेय, और इलेक्ट्रानिक मीडिया से योगेश मिश्रा और कैमरामेन विश्व प्रकाश पुरेना को सम्मानित किया गया । इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मौजूद रहे। अपने संबोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि-विधान सभा राज्य की सबसे बड़ी जनप्रतिनिधि सभा है । यह एक ऐसा पवित्र सदन है, जहां से राज्य के विकास का रास्ता सुनिश्चित होता है । उन्होंने कहा कि-छत्तीसगढ़ विधान सभा ने राज्य के विकास और नागरिकों के हित के लिए राजनीतिक प्रतिबद्धता से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव की आधारशिला रखी है । उन्हांने कहा कि-छत्तीसगढ़ विधान सभा ने जिन उच्च संसदीय परम्पराओं को स्थापित किया है, उन परम्पराओं का अनुसरण देश की अन्य विधान मंडलों को भी करना चाहिए । विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि-छत्तीसगढ़ विधान सभा के सभी 90 विधायक श्रेष्ठ हैं जो प्रदेश की तीन करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं । छत्तीसगढ़ की विधान सभा ने अपने गठन के साथ ही नई संसदीय परम्पराओं एवं उच्च मापदण्डों को स्थापित किया है। छत्तीसगढ़ विधान सभा ने अपने कार्य से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय संसदीय परिदृश्य में जो स्थान प्राप्त किया है वह एक आदर्श है तथा इसका पूरा श्रेय हमारे विधायी निकाय के सभी विधायकों को जाता है ।


