छत्तीसगढ़ के आरंग से भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब के पिता और सतनामी समाज के गुरु बालदास का एक बयान वायरल है। वीडियो में गुरु बालदास समाज के लोगों के बीच बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वे कहते हैं कि अगर हमारे परिवार पर आंच आई तो पूरा छत्तीसगढ़ नहीं, पूरा देश जलेगा। गुरु बालदास का ये बयान उनके बेटे गुरु खुशवंत साहेब पर हुए कथित हमले के बाद सामने आया है। उन्होंने कहा कि जब हम सत्ता में नहीं थे तब हमारे ऊपर हमला करने की किसी की हिम्मत नहीं हुई, लेकिन शासन-सत्ता में आने के बाद हमारे ऊपर हमला हो रहा है। गुरु खुशवंत के ऊपर हमला करना मतलब पूरे समाज के भविष्य को अंधकार में डालना है। खुशवंत विधायक के साथ समाज के मुखिया भी हैं गुरु बालदास ने कहा कि आज खुशवंत चुनाव लड़ने के बाद विधायक बन गया है, लेकिन वह विधायक के साथ हमारा बेटा है और पूरे समाज का मुखिया भी है। हमारे समाज का भविष्य है। समाज के उद्धार के लिए हमने उसे राजनीति में भेजा है। जब किसी आदमी के पास पावर-कुर्सी-कलम रहती है, तब दिक्कत नहीं होती है। इतनी मेहनत के बाद आज फल मिला है, लेकिन एक झटके में उसे खत्म करने की बात कही जा रही है। ऐसा हो सकता है क्या? सतनामी समाज का आक्रोश शासन-प्रशासन को मालूम है- गुरु बालदास वीडियो में गुरु बालदास आगे बोल आ रहे हैं कि सतनामी समाज के आक्रोश के बारे में शासन-प्रशासन अच्छी तरह से जानता है। यह मैं कई बार दिखा भी चुका हूं। मैंने एसपी से कह दिया है कि जो भी व्यक्ति दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करें। अगर कार्रवाई नहीं होगी तो मैं मुख्यमंत्री से बात करूंगा। बालदास ने कहा कि जो दोषी है, वह तो भुगतेगा ही और इसमें जो जिम्मेदार होगा उसे भुगतना पड़ेगा। चाहे वह शासन या प्रशासन में हो। अगर इसमें शासन और प्रशासन की गलती है तो उसे सुधारें, लेकिन हम ऐसी घटना को बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्लानिंग के तहत किया गया हमला गुरु बालदास ने कहा कि हमले को दुर्घटना बताने की कोशिश की जा रही है। हमें यह कहा गया था कि बिजली खंभे से चीनी मिट्टी लगी कोई चीज गिरने से यह घटना हुई है, लेकिन यह झूठ है। हम मौके पर गए, ऐसा कुछ नहीं मिला। मुझे लगता है कि ये पूरी तरह से प्लानिंग के तहत किया गया हमला है। गुरु बालदास ने प्रशासन की थ्योरी को बताया झूठा हाल ही में आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी में संदिग्ध स्थिति में नुकसान हुआ, जिसे स्थानीय प्रशासन ने बिजली उपकरण गिरने से हुआ हादसा बताया। लेकिन गुरु बालदास ने इस थ्योरी को झूठा और भटकाने वाला करार दिया है। जानिए क्या है पूरा मामला शनिवार को विधायक खुशवंत साहेब बेमेतरा के नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हो गए थे, जहां से शाम 7 बजे के आसपास रायपुर स्थित निवास लौट रहे थे। कथित तौर पर चारभांठा ढोलिया और भोइनाभांठा के बीच बाईपास रोड पर अचानक गाड़ी पर जबरदस्त पत्थरबाजी की गई। खुशवंत साहेब ने बताया कि कांच के चूरे इधर-उधर बिखर गए। हाथ से खून निकल गया। गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण पत्थर सीधा कांच तोड़ते हुए अंदर नहीं आ सका, नहीं तो हादसा गंभीर हो सकता था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कौन हैं गुरु खुशवंत साहेब? खुशवंत साहब धार्मिक नेता बाल दास के बेटे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान ही वे भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया को हराया था। खुशवंत साहब के पिता सतनामी समाज के धार्मिक गुरू हैं। वर्तमान में खुशवंत आरंग विधानसभा से भाजपा विधायक हैं। 2024 में खुशवंत साहब को अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की ज़िम्मेदारी दी गई है। इसके जरिए सरकार उनके समाज में अपनी पैठ मजबूत करना चाहती है। गुरु बालदास के बारे में जानिए गुरु बालदास का सतनाम पंथ के अनुयायियों पर बड़ा प्रभाव देखने को मिलता है। साल 2013 में भाजपा में शामिल हुए। लेकिन बीजेपी में उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। वह साल 2018 में कांग्रेस पार्टी में चले गए। लेकिन कांग्रेस से नाराजगी ऐसी हुई की साल 2023 में गुरु बालदास ने एक बार फिर बीजेपी का दामन थाम लिया। ………………………………………… इससे मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… BJP विधायक खुशवंत की गाड़ी पर पथराव…VIDEO:आरंग MLA के हाथ में लगी चोट, सामने का टूटा शीशा, बेमेतरा से रायपुर लौटते वक्त पत्थरबाजी छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आरंग से बीजेपी विधायक और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर हमला हुआ है। उनकी कार में असामाजिक तत्वों ने पथराव किया है, जिससे कार का शीशा टूट गया है। हालांकि विधायक बाल-बाल बच गए। पढ़ें पूरी खबर…


