भास्कर न्यूज | लातेहार लातेहार में बने तीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में नए सत्र की पढ़ाई 19 जुलाई से शुरू होगी। तीनों विद्यालयों में 470 बच्चों का नामांकन भी कर लिया गया है। गुरुवार को आईटीडीए निदेशक प्रवीण गगराई ने सदर प्रखंड के नेगाई गांव स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा की और शिक्षकों एवं कर्मियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ 19 जुलाई को किया जाएगा। लातेहार प्रखंड के नेगाई आवासीय विद्यालय में इस सत्र के लिए 160 बच्चों का नामांकन किया गया है। इसी प्रकार बरवाडीह प्रखंड के मंगरा स्थित आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 22 जुलाई से शुरू होगा। जहां 166 बच्चे नामांकित हैं। वहीं, गारू प्रखंड के एकलव्य विद्यालय में सत्र का शुभारंभ 23 जुलाई को होगा। यहां 144 छात्रों का नामांकन किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों में शिक्षकों और अन्य कर्मियों की नियुक्ति पूरी कर ली गई है। प्रत्येक विद्यालय में विषयवार 8 शिक्षक जनवरी माह में ही बहाल कर दिए गए थे, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सके। आईटीडीए निदेशक ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भारत सरकार की विशेष योजना है। जिसका उद्देश्य अनुसूचित जनजाति (एसटी) के छात्रों को उत्कृष्ट एवं आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है। इन विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों के लिए नि:शुल्क आवासीय शिक्षा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन विद्यालयों से आदिवासी समाज के बच्चों का शैक्षणिक और सामाजिक विकास तेजी से होगा। इस मौके पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह, लातेहार विधायक प्रकाश राम और पंचायत के जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।


