भास्कर न्यूज | बारियातू श्री रामजानकी मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का वार्षिक गुरु दक्षिणा उत्सव सह गुरु दक्षिणा कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवा ध्वज वंदन से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि विजय घोष, पलामू विभाग संघचालक जानकी नंदन राणा और पवन प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज को गुरु मानकर गुरु दक्षिणा समर्पित की। इस दौरान देश हमें देता है सबकुछ, हम भी कुछ देना सीखें गीत प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि विजय घोष ने कहा कि गुरु के प्रति समर्पण ही गुरु दक्षिणा है। भारत को शक्तिशाली हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए सनातन संस्कृति का संरक्षण जरूरी है। सनातन ही हिंदू संस्कृति की आत्मा है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में आत्मबल होना चाहिए। देश के प्रति भक्ति और समर्पण का भाव जरूरी है। तभी राष्ट्र सबल बन सकता है। कार्यक्रम में जिप सदस्य रमेश राम, सोनू कुमार, किशोर प्रसाद, सतेंद्र प्रसाद, रामजीवन प्रसाद, नवलकिशोर राम, जितेंद्र राम सहित बड़ी संख्या में स्वंयसेवक और नगर के सनातनी भाई उपस्थित रहे।


