भास्कर न्यूज | जशपुरनगर कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभाकक्ष में नगर के व्यवसायियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास, सुरक्षा और सुव्यवस्था को लेकर व्यापारियों से सुझाव लिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप, सीसीटीवी कैमरे, सड़क सुधार और स्ट्रीट लाइट जैसी व्यवस्थाएं जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि सभी नगरीय निकायों में सीसीटीवी लगाने की योजना बनाई जा रही है और आवश्यकता वाले स्थानों पर वाहन गति नियंत्रण के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट जरूरी है। व्यापारी वर्ग को इसमें सहयोग करना चाहिए। साथ ही, दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाकर व्यापारी शहर की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बैठक में कहा कि जिले में कुछ नाबालिग सस्ते नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में दुकानदारों को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी स्थिति में नाबालिगों को मादक पदार्थ न बेचें। मेडिकल स्टोर संचालकों को भी बिना डॉक्टर की पर्ची के शेड्यूल्ड दवाइयों की बिक्री न करने की सख्त हिदायत दी गई। शहर के बीच स्थित गौशाला के पास संचालित मीट और मटन मार्केट को लेकर हिन्दू और जैन समाज के लोगों ने आपत्ति जताई है। अधिकारियों ने बताया कि आजीविका के पक्ष को ध्यान में रखते हुए नए नियत स्थान की प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही विक्रय केंद्र को स्थानांतरित किया जाएगा। बैठक में सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक, एसडीएम ओंकार यादव, सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय, एसडीओपी, आरटीओ, तहसीलदार, व्यापारी संघ के पदाधिकारी, नगर के व्यवसायी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


